नई दिल्ली | पूरा देश आज गर्व और राष्ट्रभक्ति के उत्साह के साथ 77वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। राजधानी दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित भव्य समारोह में भारत की सैन्य शक्ति, सांस्कृतिक विरासत और तकनीकी प्रगति का शानदार प्रदर्शन किया जा रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नेतृत्व में आयोजित इस परेड ने देशवासियों का ध्यान आकर्षित किया।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए इसे भारत का महापर्व बताया। सोशल मीडिया पर साझा संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि यह दिवस हमारे लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। उन्होंने वर्ष 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को दोहराया।
परेड से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पहुंचकर देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस वर्ष के गणतंत्र दिवस समारोह में यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हैं।
सुबह 10:30 बजे शुरू हुई गणतंत्र दिवस परेड करीब 90 मिनट तक चलेगी। परेड में आधुनिक हथियार प्रणालियों, टैंकों और सशस्त्र बलों की ताकत का प्रदर्शन किया जा रहा है। साथ ही विभिन्न राज्यों की झांकियों के माध्यम से देश की सांस्कृतिक विविधता को प्रस्तुत किया गया है। महिला सैन्य टुकड़ियों की भागीदारी ने नारी शक्ति का सशक्त संदेश भी दिया है।