अमेरिका | अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है, और दोनों देशों के बीच कूटनीतिक संकट बढ़ने के बीच अमेरिकी प्रशासन ने मिडिल ईस्ट में अपनी सैन्य ताकत का प्रदर्शन कर नई सियासी हलचल पैदा कर दी है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के नेतृत्व में अमेरिका ने ईरान के नजदीक अब तक की सबसे बड़ी सैन्य तैनाती की है, जिसे ट्रंप ने “बड़ा आर्माडा” कहा है। इस कदम का उद्देश्य ईरान पर दबाव बनाकर उसे बातचीत की मेज पर लाना बताया जा रहा है।
अमेरिकी प्रशासन का कहना है कि यह तैनाती सीधे युद्ध की तैयारी नहीं है, बल्कि यह सैन्य शक्ति का प्रदर्शन और रणनीतिक दबाव है। हालांकि, तैनाती के पैमाने और तकनीकी हथियारों की संख्या यह स्पष्ट करती है कि अमेरिका किसी भी अप्रत्याशित स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
मिडिल ईस्ट में USS अब्राहम लिंकन एयरक्राफ्ट कैरियर स्ट्राइक ग्रुप को तैनात किया गया है। यह न्यूक्लियर पावर से चलने वाला एयरक्राफ्ट कैरियर अमेरिकी नौसेना की सबसे घातक ताकत माना जाता है। इसके साथ कई युद्धपोत भी भेजे गए हैं, जिनमें टोमाहॉक क्रूज मिसाइलों से लैस जहाज शामिल हैं।
USS अब्राहम लिंकन पर कैरियर एयर विंग 9 तैनात है, जिसमें F-35C स्टील्थ फाइटर जेट, F/A-18E/F सुपर हॉर्नेट, EA-18G ग्रोलर इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर विमान, E-2D हॉकआई निगरानी विमान और MH-60 हेलिकॉप्टर शामिल हैं। इस स्ट्राइक ग्रुप में करीब 5700 अमेरिकी सैनिक, दर्जनों फाइटर जेट, निगरानी ड्रोन और लंबी दूरी तक मार करने वाली मिसाइलें तैनात हैं।
विशेषज्ञ मानते हैं कि अमेरिका की इस रणनीति का उद्देश्य ईरान को स्पष्ट संदेश देना है कि किसी भी टकराव की कीमत बहुत भारी होगी। मिडिल ईस्ट पर दुनिया की नजरें अब तनावपूर्ण माहौल पर टिकी हैं। यह देखना बाकी है कि इस शक्ति प्रदर्शन से कूटनीतिक समाधान निकलेगा या क्षेत्रीय संकट और गहराएगा।