बारामती | महाराष्ट्र के बारामती में बुधवार सुबह एक चार्टर्ड विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर सामने आई है। समाचार एजेंसी के हवाले से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और एनसीपी नेता अजित पवार समेत चार लोगों की मौत की सूचना है।
बताया जा रहा है कि अजित पवार मुंबई से एक निजी चार्टर्ड विमान के जरिए बारामती जा रहे थे, जहां उन्हें जिला परिषद चुनाव प्रचार से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होना था। विमान में उनके साथ उनकी टीम के छह अन्य सदस्य भी सवार थे। हादसा बारामती एयरपोर्ट के समीप हुआ।
दुर्घटना के बाद स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत दल तुरंत मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। शुरुआती बचाव रिपोर्ट के अनुसार, घटनास्थल से एक शव को बाहर निकाला गया है, जबकि अन्य की तलाश और राहत कार्य जारी है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विमान दुर्घटना तकनीकी खराबी, खराब मौसम या क्रैश लैंडिंग के कारण हुई। विमानन विभाग और प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों की गहन जांच के आदेश दे दिए गए हैं।
प्रशासन ने क्षेत्र को सील कर दिया है और राहत व बचाव कार्य में तेजी लाई गई है। इस घटना के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में शोक की लहर है। आधिकारिक पुष्टि और विस्तृत जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।