Mandi, Dharamveer-: छोटी काशी मंडी में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव को लेकर शासन प्रशासन की तैयारियां जोरों पर हैं। इस साल छोटी काशी में यह महोत्सव 16 से 22 फरवरी तक मनाया जा रहा है। शहर की सरकार के द्वारा शिवरात्रि महोत्सव की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को नगर निगम मंडी की साधारण बैठक में भी इस महोत्सव की तैयारियों को लेकर महापौर वीरेंद्र भट्ट और आयुक्त रोहित राठौर ने विभागीय अधिकारियों से फीडबैक ली।
बैठक में सभी पार्षद गण व निगम के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। बैठक के उपरांत मीडिया से रूबरू होते हुए महापौर वीरेंद्र भट्ट ने बताया कि 10 फरवरी से पहले हिम उर्जा के तहत शहर में नई लाइटें शहर में लगा दी जाएंगी। सदर पुलिस थाना के बाहर खड़े पुराने वाहनों को भी हटाने का निर्णय बैठक में लिया गया है और इस स्थान पर फुटपाथ का निर्माण कराया जाएगा। टैंडर प्रक्रिया के माध्यम से होने वाले रंग-रोगन सहित अन्य कार्य भी प्रगति पर हैं, जिन्हे समयबद्ध पूर्ण कर लिया जाएगा ।
इसके अलावा मेयर वीरेंद्र भट्ट ने बताया बैठक में विभिन्न विभागों के माध्यम से शहर में होने वाले अन्य विकासात्मक कार्यों पर अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की गई। जिसमें आपदा के समय में भी शहर में निरंतर पानी की सप्लाई पहुंचाना और विद्युत लाईनों को भूमिगत करना शामिल रहा। भट्ट ने बताया कि आपदा के समय में भी शहर में पानी की आपूर्ति बाधित न हो इसके लिए 4 करोड़ की लागत से जल शक्ति विभाग द्वारा प्राकृतिक जल स्त्रतों को भंडारण टैंकों से जोड़ा जाएगा। वहीं शहर में तारों के मक्कड़जाल से शहर वासियों को निजात दिलाने के लिए वर्ल्ड बैंक के माध्यम से 25 करोड़ खर्च किए जाएंगे।