हिसार। हरियाणा में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। शनिवार रात से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसके असर से प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चार जिलों में वर्षा की चेतावनी जारी की है, जबकि 1 फरवरी को पूरे प्रदेश में तेज हवाओं के साथ व्यापक बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार रात से महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात (नूंह) और पलवल जिलों में बारिश की संभावना है। रविवार को यह सिस्टम और प्रभावी होगा, जिससे पूरे हरियाणा में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और कई स्थानों पर वर्षा दर्ज की जाएगी।
1 फरवरी को सिरसा, फतेहाबाद, जींद और भिवानी में हल्की बारिश के आसार हैं, जबकि शेष जिलों में मध्यम से तेज वर्षा हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 3 फरवरी तक बारिश की संभावना बनी रहेगी। इसके बाद दो दिन मौसम साफ रहेगा, लेकिन 6 फरवरी से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की उम्मीद है, जिससे रात के तापमान में गिरावट आ सकती है।
राजस्थान के कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि की चेतावनी को देखते हुए हरियाणा के किसान भी सतर्क हैं। फसलों पर संभावित असर को लेकर कृषि विशेषज्ञों ने सावधानी बरतने की सलाह दी है।
तापमान की बात करें तो शुक्रवार रात न्यूनतम तापमान में हल्का उछाल देखा गया, जबकि सुबह के समय कई इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। महेंद्रगढ़ में न्यूनतम तापमान सबसे कम 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के अधिकांश जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना हुआ है।