फरीदाबाद I फरीदाबाद में रेलवे ट्रैक पर मिले अज्ञात शव की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। शुरुआती तौर पर इसे ट्रेन हादसा माना जा रहा था, लेकिन जांच में यह मामला सुनियोजित हत्या का निकला। पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतक सुमन की पत्नी अंजनी और उसका प्रेमी रिआउल एक ही कंपनी में काम करते थे। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। इसी रिश्ते के चलते उन्होंने सुमन को रास्ते से हटाने की साजिश रची।
जांच के अनुसार, वारदात की रात दोनों आरोपियों ने नशे की हालत में पत्थर से सुमन के सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। बाद में शव को रेलवे ट्रैक पर डाल दिया गया, ताकि इसे हादसे का रूप दिया जा सके।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मामले का खुलासा किया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।