अंबाला I अंबाला छावनी के वार्ड नंबर 8 स्थित दयाल बाग इलाके में सड़क निर्माण में बरती जा रही भारी लापरवाही अब आम लोगों और दुकानदारों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। करीब एक साल पहले सड़क निर्माण के नाम पर पुरानी सड़क को तोड़ दिया गया, लेकिन आज तक नई सड़क का निर्माण नहीं हो पाया।
टूटी-फूटी सड़क के कारण जहां स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है, वहीं इस सड़क पर स्थित दुकानदारों की रोज़ी-रोटी पर भी संकट खड़ा हो गया है। दुकानदारों का आरोप है कि सड़क की बदहाली के चलते ग्राहक आना बंद हो गए हैं, जिससे वे बेरोजगारी की कगार पर पहुंच चुके हैं। कई दुकानदार तो मजबूर होकर अपनी दुकानें बंद कर पलायन भी कर चुके हैं।
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि ठेकेदार पर न तो सरकार का कोई दबाव है और न ही प्रशासन की सख्ती दिखाई दे रही है। एक साल से सड़क खोदी हुई है, लेकिन निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। इस दौरान राहगीर कई बार गिरकर घायल हो चुके हैं।
दुकानदारों ने बताया कि इस समस्या को लेकर वार्ड के पार्षद से लेकर प्रशासन तक कई बार शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में वे खुद को पूरी तरह असहाय महसूस कर रहे हैं।
मामले को लेकर जब अंबाला छावनी नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी देवेंद्र नारवाल से बात की गई तो उन्होंने बताया कि पूरे शहर में सीवरेज पाइपलाइन बिछाने का बड़ा प्रोजेक्ट चल रहा है, जिसमें छोटी गलियों को भी जोड़ा जा रहा है। उन्होंने माना कि कार्य में देरी हुई है, लेकिन आश्वासन दिया कि दयाल बाग की इस सड़क का काम एक माह के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।