पंचकूला। पंचकूला में एक महिला कर्मचारी के साथ घरेलू हिंसा और उत्पीड़न का गंभीर मामला सामने आया है। पीडब्ल्यूडी विभाग में अनुबंध पर कार्यरत डेटा एंट्री ऑपरेटर मोनिका ने अपने पति सुरेंद्र कुमार पर मारपीट, मानसिक प्रताड़ना, दहेज की मांग और दूसरी महिला के साथ फरार होने के आरोप लगाए हैं। पीड़िता की शिकायत पर सेक्टर-20 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, आरोपी द्वारा जिस महिला को साथ ले जाने की बात सामने आई है, उसके पति ने भी महेंद्रगढ़ जिले में शिकायत दर्ज कराई है। इस तरह आरोपी की तलाश में दो जिलों की पुलिस जुटी हुई है।
सेक्टर-21 निवासी मोनिका ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2019 में फतेहाबाद जिले के कुकरावाली गांव निवासी सुरेंद्र कुमार से हुई थी। शुरुआती समय में वैवाहिक जीवन सामान्य रहा, लेकिन कुछ समय बाद पति और ससुराल पक्ष द्वारा लगातार ताने दिए जाने लगे। आरोप है कि उसे मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया और दहेज की मांग भी की जाती रही।
पीड़िता के अनुसार, प्रताड़ना से तंग आकर उसने महिला पुलिस थाने में शिकायत दी थी, जहां दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया। इसके बावजूद हालात नहीं बदले। डिलीवरी के समय भी पति अस्पताल नहीं पहुंचा। बाद में जब वह बच्चे के साथ ससुराल गई तो उसे घर में प्रवेश नहीं करने दिया गया। लगातार तीन सप्ताह तक यही स्थिति बनी रही।
इसी दौरान मोनिका को एक अज्ञात नंबर से कॉल आया, जिसमें बताया गया कि उसका पति किसी अन्य महिला को लेकर फरार हो गया है। आरोप है कि जाते समय सुरेंद्र कुमार घर से जेवरात और अन्य कीमती सामान भी साथ ले गया।
पीड़िता की शिकायत पर पंचकूला पुलिस ने केस दर्ज किया है, जबकि आरोपी के खिलाफ महेंद्रगढ़ के सतनाली थाने में भी मामला दर्ज है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।