नई दिल्ली। मुंबई की कोस्टल रोड टनल में रात के अंधेरे में तेज रफ्तार मर्सिडीज कार के अनियंत्रित होने से सिलसिलेवार सड़क हादसा हुआ। हादसे में एक परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए, जिनमें एक बुजुर्ग महिला भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, 17 साल के नाबालिग लड़के के हाथों कार अनियंत्रित हुई और उसने पीछे से खड़ी कार को जोरदार टक्कर मार दी। इससे पहले मर्सिडीज एक अन्य वाहन से भी टकराई। घायल सभी को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनका इलाज चल रहा है।
जांच में सामने आया है कि कार का मालिक अग्रिपाडा इलाके का एक कारोबारी है। पुलिस के अनुसार, उसकी 18 साल की पोती ने संभवतः कार की चाबी बिना अनुमति लिए और अपने मित्र (नाबालिग) को गाड़ी चलाने के लिए दे दी। डी बी मार्ग पुलिस ने कारोबारी, उसकी पोती और नाबालिग लड़के के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि हादसे की प्रमुख वजह तेज रफ्तार और टनल के अंदर कार पर नियंत्रण खोना है। कार दक्षिण मुंबई की ओर जा रही थी और चालक ने टनल के अंदर गाड़ी संभालने में असफल रहा। पुलिस फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और हादसे की पूरी जांच में लगी हुई है।