नई दिल्ली | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते के नए फ्रेमवर्क की सराहना की। उन्होंने इसे दोनों देशों के बीच साझेदारी की गहराई, भरोसा और गतिशीलता को दिखाने वाला कदम बताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की सोशल मीडिया पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “भारत और अमेरिका के लिए यह बहुत अच्छी खबर है।” उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस फ्रेमवर्क ने दोनों देशों के मजबूत संबंधों को और मजबूती दी है।
‘मेक इन इंडिया’ और रोजगार पर प्रभाव
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह फ्रेमवर्क मेहनती किसानों, उद्यमियों, MSMEs, स्टार्टअप इनोवेटर्स, मछुआरों और अन्य वर्गों के लिए नए अवसर खोलेगा। इसके जरिए ‘मेक इन इंडिया’ को मजबूती मिलेगी और महिलाओं और युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार पैदा होगा।
नवाचार और तकनीकी साझेदारी को बढ़ावा
पीएम ने आगे कहा कि भारत और अमेरिका दोनों इन्वेस्टमेंट और टेक्नोलॉजी पार्टनरशिप को और मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इससे मजबूत और भरोसेमंद सप्लाई चेन तैयार होगी और वैश्विक विकास में भी योगदान मिलेगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जैसे-जैसे भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, वह भविष्य-उन्मुख वैश्विक साझेदारियां बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, जो लोगों को सशक्त बनाएँ और साझा समृद्धि में योगदान दें।