जींद। सफीदों रोड स्थित सैनी धर्मशाला में इनेलो (INLD) का जिला स्तरीय युवा सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता जिला युवा अध्यक्ष राजेश बूरा ने की। कार्यक्रम में रानिया विधायक अर्जुन सिंह चौटाला मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। वहीं युवा प्रदेशाध्यक्ष अरविंद गोस्वामी और जिला युवा प्रभारी प्रदीप गिल भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए अर्जुन सिंह चौटाला ने कहा कि हरियाणा में भाजपा सरकार बुजुर्गों को मिलने वाले सम्मान भत्ते (वृद्धावस्था पेंशन) में कटौती करने की साजिश रच रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अलग-अलग नियम और प्रतिबंध लगाकर पेंशन काटने का काम कर रही है। चौटाला ने कहा कि बुजुर्गों के सम्मान के लिए यह योजना चौधरी देवीलाल ने शुरू की थी, लेकिन कांग्रेस शासन में भी इस पर कैंची चलाई गई थी।
उन्होंने कहा कि अब भाजपा सरकार भी उसी रास्ते पर चल रही है और बुजुर्गों की पेंशन पर हमला कर रही है। अर्जुन चौटाला ने ऐलान किया कि इस मुद्दे को लेकर इनेलो 20 फरवरी को पंचकूला में धरना-प्रदर्शन करेगी और सरकार को मजबूर किया जाएगा कि सम्मान भत्ता किसी भी कीमत पर नहीं कटने दिया जाएगा।
अर्जुन चौटाला ने बेरोजगारी को लेकर भी सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि हरियाणा का युवा आज रोजगार के लिए भटक रहा है और सरकार की नीतियां चयन की बजाय “रिजेक्शन पॉलिसी” बन चुकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं को रोजगार देने के बजाय बेरोजगारी की ओर धकेला जा रहा है, जिसके कारण कई युवा मजबूरी में विदेश जाने को मजबूर हैं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा युवाओं और बुजुर्गों का प्रदेश है और जनता के खिलाफ बनाई गई हर गलत नीति का इनेलो विरोध करती रहेगी। चौटाला ने दावा किया कि युवाओं की ताकत से 2029 में इनेलो की सरकार बनेगी और अभय सिंह चौटाला को मुख्यमंत्री बनाया जाएगा।
कार्यक्रम में अंकित रेढू मनोहरपुर सहित कई युवा साथी शामिल हुए। सम्मेलन में इनेलो जिलाध्यक्ष विजेंद्र रेढू, युवा प्रदेश उप प्रधान पंकज मलिक, साहिल कसवां, रामफल कुंडू, मोहित दलाल, बलराम खापड़, पवन सुलहेड़ा, अंकित मलिक, हिमांशु गोयत, आर्यन बेनीवाल, पप्पू रेढू, प्रदीप नैन, दलेल कुंडू, बिल्लू पेगां, सतीश नैन, वेदसिंह मुंडे सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।