चंडीगढ़। पंजाब में लगातार बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर कांग्रेस नेता और पूर्व डिप्टी मुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा ने आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने राज्य में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि पंजाब तेजी से गैंगस्टरों का गढ़ बनता जा रहा है।
रंधावा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए आरोप लगाया कि सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के बावजूद अपराधों में कोई कमी नहीं आई है, बल्कि वारदातें लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में दिनदहाड़े हत्याएं, गोलीबारी, लूटपाट और फिरौती जैसी घटनाएं आम होती जा रही हैं, जिससे जनता में भय का माहौल बन गया है।
कांग्रेस नेता ने दावा किया कि मौजूदा सरकार अपराध नियंत्रण में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि अब यह स्पष्ट नहीं रह गया है कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ सरकार चला रही है या फिर गैंगस्टर ही पूरे राज्य में अपना ऑपरेशन चला रहे हैं।
रंधावा ने सरकार से मांग की कि पंजाब में बढ़ते गैंगस्टर नेटवर्क और आपराधिक गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि प्रदेश में दोबारा शांति और सुरक्षा का माहौल कायम हो सके।