बिलासपुर | हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर और सोलन जिलों में दो युवकों ने आत्महत्या कर ली। बिलासपुर के कलोल क्षेत्र में किराए के कमरे में रह रहे 19 वर्षीय छात्र गौरव ने फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। गौरव, गांव और डाकघर कच्छेहरा, तहसील जयसिंहपुर (कांगड़ा) का रहने वाला था और पॉलिटेक्निक कॉलेज कलोल में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के छठे सेमेस्टर का छात्र था।
मौके पर थाना प्रभारी और पुलिस टीम ने पहुंचकर कमरे का निरीक्षण किया। छात्र का शव छत के पंखे के कुंडे से लटका पाया गया। कमरे में प्लास्टिक की कुर्सी भी रखी मिली। प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी प्रकार की बाहरी चोट के निशान नहीं पाए गए। मकान मालिक, गवाह और छात्र के पिता ने किसी भी तरह के शक की जानकारी नहीं दी। शव को सिविल अस्पताल घुमारवीं में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने बताया कि मामले की जांच जारी है।
सोलन जिले के बरोटीवाला में रहने वाले 29 वर्षीय युवक तनुष पुरी ने भी फंदा लगाकर आत्महत्या की। वह बिहार कॉलोनी में अपनी मां के साथ रहता था और मूल रूप से पंजाब के मोहाली का रहने वाला था। उसकी मां चंडीगढ़ में नौकरी करती हैं। जब वह शाम को ड्यूटी से लौटीं, तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। पड़ोसियों की मदद से दरवाजा खोला गया तो तनुष को चुनरी से पंखे में लटका हुआ पाया गया।
मौके पर पुलिस ने शव को नीचे उतारकर नालागढ़ अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। मृतक गैस और चिमनी की मरम्मत का काम करता था। एएसपी अशोक वर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शव को परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया है।