कुरुक्षेत्र | कुरुक्षेत्र में आयोजित 41वीं राज्य स्तरीय पशुधन प्रदर्शनी के दौरान एक अप्रत्याशित हादसा सामने आया। प्रदर्शनी में रैंप वॉक कर रहे एक घोड़े ने अचानक पास से गुजरते समय ड्यूटी पर तैनात एएसआई सुशील कुमार को जोरदार दुलती मार दी। चोट इतनी गंभीर थी कि एएसआई की बाजू में फ्रैक्चर हो गया, जबकि पसलियों में भी चोट आई है।
जानकारी के अनुसार, एएसआई सुशील कुमार की मूल तैनाती शाहाबाद हुडा चौकी में थी, लेकिन मेले के मद्देनजर उनकी ड्यूटी मेला ग्राउंड में लगाई गई थी। पशुधन प्रदर्शनी का समापन समारोह आयोजित किया गया था, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी पहुंचे थे। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई थी और स्टेज के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पशुपालक अपने पशुओं को रैंप पर वॉक करवा रहे थे। इसी दौरान रैंप वॉक के बाद एक घोड़ा जब वहां से गुजर रहा था, तभी उसने अचानक पीछे की ओर दुलती मार दी, जो सीधे एएसआई सुशील कुमार को लगी। दुलती लगते ही वे जमीन पर गिर पड़े।
घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य पुलिस कर्मियों ने तुरंत एएसआई को संभाला और उठाकर एंबुलेंस तक पहुंचाया। इसके बाद उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उनकी बाजू में फ्रैक्चर होने की पुष्टि की है, जबकि पेट और पसलियों के आसपास भी चोटें बताई गई हैं। फिलहाल एएसआई सुशील कुमार का इलाज निजी अस्पताल में जारी है।