फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद जिले स्थित नीमका जेल में बंद आतंकी अब्दुल रहमान की झगड़े के दौरान हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि अब्दुल रहमान अयोध्या में राम मंदिर को निशाना बनाने की साजिश के तहत भारत आया था और इसी मामले में उसे गिरफ्तार किया गया था।
जानकारी के अनुसार, अब्दुल रहमान को 2 मार्च को गुजरात एटीएस और पलवल एसटीएफ की संयुक्त टीम ने एक बड़े ऑपरेशन के दौरान पकड़ा था। गिरफ्तारी के समय उसके पास से दो हैंड ग्रेनेड और करीब डेढ़ लाख रुपये नकद बरामद किए गए थे।
जांच एजेंसियों की पूछताछ में खुलासा हुआ था कि आतंकी अपने हैंडलर के संपर्क में टेलीग्राम ऐप के जरिए था। जांच में यह भी सामने आया कि उसे अयोध्या में मंदिर को निशाना बनाने के लिए दो बार में रकम दी गई थी।
पूछताछ के दौरान अब्दुल ने बताया था कि पैसे उसे अयोध्या के आसपास ही दिए गए थे, लेकिन वह पैसे देने वाले व्यक्ति की पहचान और पूरी जानकारी नहीं दे पाया था। एजेंसियों के मुताबिक, टारगेट पूरा होने के बाद उसे और बड़ी रकम दिए जाने की योजना थी।
फिलहाल आतंकी की जेल में हत्या के बाद सुरक्षा व्यवस्था और मामले की जांच को लेकर एसटीएफ समेत अन्य एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। पुलिस अब इस हत्या के पीछे की वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।