पंचकूला। जिला अदालत को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पंचकूला पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गईं। सेशन जज के आधिकारिक ई-मेल पर धमकी भरा संदेश मिलने से अदालत परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई शुरू करते हुए पूरे कोर्ट परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया।
धमकी की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कोर्ट भवन को खाली करवाया और वहां मौजूद वकीलों, कर्मचारियों तथा आम लोगों को बाहर निकाल दिया गया। इसके बाद डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और अदालत परिसर में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
पुलिस टीमों ने कोर्ट के मुख्य भवन, पार्किंग क्षेत्र, रिकॉर्ड रूम, कोर्ट रूम और आसपास के इलाकों की बारीकी से तलाशी ली। जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई है, लेकिन सुरक्षा कारणों से पूरे क्षेत्र में जांच जारी रखी गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ई-मेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने के लिए साइबर सेल को सक्रिय कर दिया गया है। मामले की जांच तेज़ी से की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि धमकी किसी शरारती तत्व द्वारा दी गई है या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश है।
वहीं कोर्ट परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई है। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी और दोषी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।