गुरुग्राम। सोहना-तावडू रोड पर स्थित अरावली पहाड़ियों में एक युवक का कंकाल मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस को पहाड़ी क्षेत्र से युवक का सिर और हड्डियों का ढांचा बरामद हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि युवक ने पेड़ की टहनी से फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी, लेकिन टहनी टूटने के कारण वह नीचे गिर गया। गिरने के दौरान सिर पत्थर से टकराने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि शव कई दिनों तक जंगल में पड़ा रहा, जिस कारण जंगली जानवरों ने उसे नोच लिया और केवल कंकाल ही बचा।
रविवार को जंगल से गुजर रहे एक राहगीर ने हड्डियों का ढांचा देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कंकाल को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम प्रक्रिया के लिए नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान नहर कॉलोनी निवासी 24 वर्षीय शगुन कुमार के रूप में हुई है। घटनास्थल से पुलिस को एक फटा हुआ सुसाइड नोट भी मिला है, जिसे जांच के लिए कब्जे में ले लिया गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि युवक ने आत्महत्या क्यों की। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सुसाइड नोट की जांच के बाद ही मौत के कारणों पर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।