तरनतारन।तरनतारन जिले के गांव उस्मा स्थित पंजाब कॉलेज ऑफ लॉ में सोमवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक छात्र ने अपनी ही क्लास में पढ़ने वाली छात्रा की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी छात्र के आत्महत्या करने की खबर भी फैली, लेकिन पुलिस व अस्पताल सूत्रों के अनुसार आरोपी युवक जिंदा है और अमृतसर के एक निजी अस्पताल में भर्ती है।
जानकारी के अनुसार नौशेहरा पन्नुआं निवासी हीरा सिंह की बेटी संदीप कौर (19) पंजाब कॉलेज ऑफ लॉ में दूसरे सेमेस्टर की छात्रा थी। सोमवार सुबह जब वह कॉलेज पहुंची तो क्लासरूम में अन्य विद्यार्थियों के साथ कुछ युवक भी मौजूद थे। इसी दौरान गांव मलिया निवासी जगजीत सिंह का बेटा प्रिंस राज सिंह (19) वहां पहुंचा और संदीप कौर को दोस्ती का प्रस्ताव दिया।
बताया जा रहा है कि संदीप कौर के इनकार करने पर आरोपी भड़क गया और उसने अपने पास रखी रिवॉल्वर से छात्रा पर गोली चला दी। गोली लगते ही संदीप कौर की क्लासरूम में ही मौके पर मौत हो गई।
वारदात को अंजाम देने के बाद प्रिंस राज सिंह ने खुद को भी सिर में गोली मार ली, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत इलाज के लिए अमृतसर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत नाजुक बताई है।
परिवार का आरोप है कि आरोपी युवक पिछले करीब छह महीनों से संदीप कौर को परेशान कर रहा था और लगातार दोस्ती का दबाव बना रहा था। संदीप कौर लगातार मना कर रही थी और पढ़ाई पर ध्यान दे रही थी। इसी रंजिश में आरोपी ने कॉलेज के अंदर ही हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
मृतका संदीप कौर छह बहनों और एक छोटे भाई में से एक थी। उसके पिता की करीब तीन साल पहले मौत हो चुकी है। पीड़ित परिवार ने कॉलेज प्रशासन और आरोपी के परिवार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और कानूनी कार्रवाई जारी है।