नई दिल्ली। फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना के बाद अब बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह और रोहित शेट्टी को कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से धमकी मिली है। धमकी में कहा गया है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं तो रणवीर सिंह के स्टाफ को जान से मार दिया जाएगा। इस मामले को गंभीर मानते हुए मुंबई क्राइम ब्रांच ने जांच तेज कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, यह धमकी रणवीर सिंह के मैनेजर के मोबाइल नंबर पर WhatsApp वॉइस नोट के जरिए भेजी गई थी। जांच एजेंसियों का दावा है कि यह वॉइस नोट गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के करीबी बताए जा रहे हैरी बॉक्सर नामक व्यक्ति का है। वॉइस नोट में 1 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई और कर्मचारियों को नुकसान पहुंचाने की चेतावनी दी गई।
मुंबई पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में वॉइस नोट की आवाज हैरी बॉक्सर से मेल खाती बताई जा रही है। हालांकि, मामले की पुष्टि के लिए इसे फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
धमकी मिलने के बाद अभिनेता रणवीर सिंह की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस ने बताया कि इस धमकी को भेजने के लिए VPN नेटवर्क का इस्तेमाल किया गया था, जिससे लोकेशन ट्रेस करने में मुश्किल आ रही है। जांच में सामने आया है कि धमकी भेजने वाला नेटवर्क किसी अन्य देश से जुड़ा हो सकता है। इसी वजह से पुलिस अब इंटरपोल की मदद लेकर स्रोत का पता लगाने में जुटी है।
क्राइम ब्रांच ने रणवीर सिंह के मैनेजर का बयान पहले ही दर्ज कर लिया है और मामले से जुड़े अन्य डिजिटल सबूतों की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमकी देने के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसका संबंध हाल ही में रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग से कितना जुड़ा है।
इसके अलावा क्राइम ब्रांच ने सलमान खान के बहनोई और अभिनेता आयुष शर्मा के मैनेजर के बयान भी दर्ज किए हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जल्द ही मामले में औपचारिक एफआईआर दर्ज की जा सकती है।