लुधियाना | माडल टाउन क्षेत्र के गोल चौक के पास नाकाबंदी कर वाहनों की चेकिंग कर रही पुलिस टीम पर बाइक सवार दो युवकों ने टक्कर मार दी। इस हादसे में एक पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घायल पुलिसकर्मी की पहचान भामियां रोड निवासी अंबा दत्त के रूप में हुई है। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर ही बाइक सवार दोनों युवकों को काबू कर लिया और उनके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी युवकों की पहचान माडल टाउन स्थित डॉक्टर अंबेडकर नगर निवासी हरशीत और जनता कॉलोनी निवासी रेहान अहमद के रूप में हुई है।
घायल पुलिसकर्मी ने बताया कि वह अपने अन्य साथियों के साथ गोल चौक डी-ब्लॉक में नाकाबंदी ड्यूटी पर तैनात था। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक संदिग्ध हालत में आते नजर आए। जब पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, तो बाइक चला रहे युवक ने रफ्तार तेज कर दी और जानबूझकर पुलिसकर्मी को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पुलिसकर्मी सड़क पर गिर पड़ा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद पुलिस ने दोनों युवकों को पकड़कर बाइक जब्त कर ली। जांच अधिकारी ने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई जारी है और आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।