भोपाल । राजधानी भोपाल के निशातपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कमला नगर में सूटकेस में महिला का शव मिलने के मामले में पुलिस जांच के बाद बड़ा खुलासा हुआ है। मृतका की पहचान महाराष्ट्र के गोंदिया निवासी सिया के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सिया की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके साथ रह रहे समीर और उसके परिजनों ने मिलकर की थी।
पुलिस के अनुसार समीर पिछले करीब पांच महीनों से सिया के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। दोनों की मुलाकात अक्टूबर में हुई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि उनके बीच अक्सर विवाद होता रहता था। शुरुआत में सिया, समीर की पत्नी के साथ ही रह रही थी, लेकिन विवाद बढ़ने पर पत्नी जबलपुर चली गई थी।
जांच में यह भी सामने आया है कि सिया की गला घोंटकर हत्या की गई। हत्या के बाद समीर ने अपने भाई चांद की मदद से शव को ठिकाने लगाने की साजिश रची। शव को सूटकेस में बंद किया गया, फिर उसमें पत्थर बांधकर रस्सी से कसकर बांधा गया और पानी की टंकी में डाल दिया गया, ताकि शव ऊपर न आ सके।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब कुछ युवक चबूतरा पोतने के लिए पहुंचे। उन्होंने पानी में एक संदिग्ध सूटकेस तैरता देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने रस्सी की मदद से सूटकेस बाहर निकाला तो उसमें महिला का शव मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद समीर जबलपुर अपनी दूसरी पत्नी को लेने चला गया था। जैसे ही वह भोपाल लौटा, पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। इसके बाद समीर की पत्नी, भाई, बहन और मां को भी पूछताछ के लिए पकड़ा गया।
पुलिस का दावा है कि इस वारदात में परिवार की सामूहिक भूमिका सामने आई है। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में जल्द आधिकारिक खुलासा किए जाने की संभावना है।