धर्मशाला, राहुल चावला-:स्मार्ट मीटर को लेकर विरोध का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। डीसी कार्यालय धर्मशाला के बाहर आए दिन महिला मंडल पदाधिकारी स्मार्ट मीटर का विरोध जता रही हैं। महिलाओं का कहना है कि सरकार ने महिलाओं को जो 1500 रुपये देने का वादा किया था, उसे मत दो, 125 यूनिट फ्री बिजली भी बंद कर दो, लेकिन स्मार्ट मीटर न लगाओ और गरीब जनता पर बोझ मत बढ़ाओ।
शुक्रवार को गगल की निकटवर्ती ग्राम पंचायत ढुगियारी व त्यारा के करीब 6 ग्रामीण महिला मंडलों की महिलाओं ने पूर्व जिला पार्षद जोगिंद्र सिंह पंकू की अगुवाई में जिला प्रशासन के माध्यम से प्रदेश सरकार को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान सर्व शक्ति महिला मंडल तियारा की प्रधान सुषम लता मनकोटिया, गणेश महिला मंडल ढुगियारी की प्रधान सुनीता कुमारी व सचिव रीना, आदर्श महिला मंडल तियारा की प्रधान कंचन, गायत्री महिला मंडल तियारा (चौंकी) प्रधान कृष्णा मनकोटिया, सरस्वती महिला मंडल की प्रधान सुदेश कुमारी व अन्य ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा स्मार्ट बिजली मीटर लगाए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ की जा रही है। वर्तमान में जो बिजली मीटर लगे हुए हैं, वे सही एवं संतोषजनक रूप से कार्य कर रहे हैं। ऐसी स्थिति में नए स्मार्ट मीटर लगाने पर करोड़ों रुपये व्यय किया जाना उचित प्रतीत नहीं हो रहा है, विशेषकर जब राज्य सरकार आर्थिक संकट से गुजर रही है। महिलाओं का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर से संबंधित विभिन्न प्रकार की तकनीकी एवं व्यावहारिक समस्याएं सामने आने की आशंका है, जिससे आम जनता को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने प्रदेश सरका से मांग की है कि ग्रामीण क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया पर पुनर्विचार किया जाए। साथ ही महिलाओं ने चेताया कि यदि उनके क्षेत्र में स्मार्ट मीटर लगाने के लिए कर्मचारी आए तो उन्हें भी विरोध का सामना करना पड़ेगा।