हमीरपुर, अरविन्द-: दिल्ली में आयोजित जिला अध्यक्षों की बैठक से लौटने के बाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुमन भारती शर्मा ने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की जा रही है। उन्होंने बताया कि जिले में चल रहे “मनरेगा बचाओ संघर्ष” में सक्रिय भूमिका निभाने वाले कार्यकर्ताओं को जिला और ब्लॉक कार्यकारिणी में प्राथमिकता के आधार पर स्थान दिया जाएगा। उनके अनुसार, जो कार्यकर्ता जनता के मुद्दों को लेकर मैदान में डटे हैं, उन्हें संगठन में जिम्मेदारी देकर सम्मानित किया जाएगा। जिला और ब्लॉक कार्यकारिणी का गठन शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा।
RDG मुद्दे पर सांसदों की चुप्पी पर कांग्रेस का सवाल
सुमन भारती शर्मा ने हिमाचल प्रदेश की आरडीजी (राजस्व घाटा अनुदान) ग्रांट बंद किए जाने के मुद्दे पर केंद्र सरकार और प्रदेश के भाजपा सांसदों को घेरा। उन्होंने कहा कि केंद्र द्वारा आरडीजी बंद करने का निर्णय प्रदेश के हितों के खिलाफ है, लेकिन इस गंभीर विषय पर राज्य के सातों सांसदों की ओर से कोई ठोस विरोध सामने नहीं आया। उन्होंने आरोप लगाया कि हालिया केंद्रीय बजट में भी हिमाचल प्रदेश के लिए कोई विशेष प्रावधान नहीं किया गया, इसके बावजूद भाजपा सांसद बजट की सराहना करते नजर आए, जो प्रदेश की जनता के साथ अन्याय है।
हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से पांचवीं बार निर्वाचित सांसद अनुराग ठाकुर पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वर्षों से किए जा रहे रेल विस्तार के वादे अब तक अधूरे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सांसद विकास के मुद्दों से ज्यादा विपक्ष के नेताओं, विशेषकर राहुल गांधी, पर टिप्पणी करने में व्यस्त रहते हैं। प्रदेश के बुनियादी ढांचे और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर ठोस पहल की आवश्यकता है।
सुजानपुर में भाजपा के कुछ पोस्टरों पर अनुराग ठाकुर और पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल की तस्वीरों के ऊपर अन्य नेताओं के चित्र चिपकाए जाने के मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए सुमन भारती शर्मा ने इसे भाजपा का आंतरिक मामला बताया, लेकिन कहा कि इस तरह की घटनाएं पार्टी के भीतर असंतोष को दर्शाती हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो नेता पहले जिस दल के सहारे आगे बढ़े, बाद में उसी नेतृत्व की अनदेखी करने लगते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ नेताओं ने पहले कांग्रेस से लाभ उठाया और बाद में पार्टी बदल ली, अब वे भाजपा में भी वरिष्ठ नेताओं के प्रति सम्मान नहीं दिखा रहे।उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस संगठनात्मक मजबूती और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी.