लुधियाना (राज)। शहर के इंडस्ट्रियल एरिया-सी में सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए तीन अज्ञात बदमाशों ने एक बड़ी चोरी की घटना को अंजाम दिया है। जसपाल बांगर रोड स्थित ‘छिब इम्पोर्ट एंड एक्सपोर्ट’ फैक्ट्री से चोरों ने भारी मात्रा में तांबा और नकदी ले उड़े।
जानकारी के अनुसार, यह वारदात 17 फरवरी की रात हुई। चोरी करने वाले तीनों व्यक्ति गुरु गोबिंद सिंह कॉलोनी स्थित फैक्ट्री के ताले तोड़कर अंदर दाखिल हुए। फैक्ट्री के स्टॉक में रखे लगभग 500 किलो तांबे को चोरों ने गाड़ियों में लाद लिया। साथ ही, ऑफिस की दराजों से रखी गई नकदी भी चोरों ने चुरा ली। अनुमान है कि चोरी की कुल कीमत लाखों में है।
यह पूरी घटना वहां लगे सुरक्षा कैमरों में कैद हो गई, जिसमें आरोपी फैक्ट्री और ऑफिस के दरवाजे तोड़ते नजर आ रहे हैं। चोरी की जानकारी मिलने के बाद थाना सहनेवाल की पुलिस ने मामला दर्ज किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और संभावित मार्ग के आधार पर चोरों का पता लगाया जा रहा है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
फैक्ट्री मालिक विकास छिब ने बताया कि इस चोरी से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है और वह पुलिस से शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं। पुलिस ने इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी है और आसपास के अन्य उद्योगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।