काठमांडू I नेपाल में सोमवार तड़के एक भीषण सड़क दुर्घटना में कम से कम 18 लोगों की जान चली गई, जब पोखरा से काठमांडू जा रही एक यात्री बस धादिंग जिले में त्रिशूली नदी में जा गिरी। हादसा पृथ्वी राजमार्ग पर गजुरी के पास रात करीब 1:15 से 1:30 बजे के बीच हुआ। बस में 35 से अधिक यात्री सवार थे।
दुर्घटना बेनिघाट रोरांग ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड-3 स्थित चिनाधारा-चारौंदी क्षेत्र में हुई, जो काठमांडू से लगभग 90 किलोमीटर पश्चिम में है। अंधेरे और नदी के तेज बहाव के कारण बस सीधे नदी में समा गई, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
जिला ट्रैफिक पुलिस कार्यालय धादिंग के प्रमुख शिशिर थापा के मुताबिक मृतकों की संख्या बढ़कर 18 हो गई है। अब तक 17 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि 28 घायलों को रेस्क्यू कर विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घायलों का उपचार जारी है।
राहत और बचाव अभियान में नेपाल आर्मी, सशस्त्र पुलिस बल, नेपाल पुलिस और स्थानीय नागरिकों की टीमें जुटी रहीं। रात का समय और नदी का तेज बहाव रेस्क्यू ऑपरेशन में बड़ी चुनौती बना रहा।
हादसे में एक न्यूजीलैंड के पुरुष यात्री की भी मौत की पुष्टि हुई है, जबकि एक जापानी और एक डच महिला घायल बताई गई हैं। विदेशी नागरिकों के शामिल होने से घटना ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी ध्यान आकर्षित किया है।
पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार तेज रफ्तार संभावित वजह हो सकती है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही की जाएगी।