जालंधर | जालंधर के पीपीआर मार्केट में जीएसटी विभाग की टीम को कथित तौर पर बंधक बनाने के मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह कार्रवाई विभाग के एडिशनल कमिश्नर प्रशांत कुमार की शिकायत के आधार पर की गई।
शिकायत के मुताबिक जीएसटी विभाग की टीम PPR मार्केट स्थित मेजर सिंह के रियल एस्टेट कार्यालय में सर्च ऑपरेशन के लिए पहुंची थी। आरोप है कि जांच के दौरान टीम को करीब दो से तीन घंटे तक दफ्तर के अंदर रोककर रखा गया और उनकी सरकारी कार्रवाई में बाधा डाली गई। बाद में पुलिस के हस्तक्षेप से अधिकारियों को बाहर निकाला गया।
पुलिस ने इस मामले में पूर्व पार्षद पति मेजर सिंह, इंद्रजोत सिंह, प्रभजोत सिंह, तरुण शर्मा समेत पांच अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। शिकायत में आरोप है कि आरोपियों ने सरकारी कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार किया और उन्हें अपना काम करने से रोका।
जीएसटी टीम ने मौके से एक डीवीआर भी जब्त किया है, जिसकी फॉरेंसिक जांच करवाई जा रही है। जांच रिपोर्ट की कॉपी 48 घंटे के भीतर पुलिस को सौंपे जाने की बात कही गई है। पुलिस पूरे प्रकरण की गहन जांच में जुटी है।