चंडीगढ़ | इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते युद्ध के कारण मध्य पूर्व में फंसे पंजाब के लोगों की सुरक्षित वापसी को लेकर पंजाब सरकार सक्रिय हो गई है। राज्य के एनआरआई मामलों के मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने केंद्र सरकार से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है।
डॉ. रवजोत सिंह ने केंद्रीय विदेश मंत्री को पत्र लिखकर इस मुद्दे पर तुरंत बैठक बुलाने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि इजराइल-ईरान के बीच चल रहे संघर्ष के कारण मध्य पूर्व में रह रहे पंजाबियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता बनी हुई है। ऐसे में वहां फंसे लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें सुरक्षित भारत वापस लाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार के बीच समन्वय बेहद जरूरी है।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि युद्ध के चलते संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के विभिन्न हवाई अड्डों पर कई पंजाबी पर्यटक और प्रवासी फंसे हुए हैं। उन्होंने उनसे फोन पर बातचीत कर उनकी स्थिति और समस्याओं की जानकारी भी ली।
उन्होंने आश्वासन दिया कि पंजाब सरकार लगातार केंद्र सरकार और मध्य पूर्व में स्थित भारतीय दूतावासों के संपर्क में है, ताकि वहां मौजूद पंजाबियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और जरूरत पड़ने पर उन्हें जल्द से जल्द सुरक्षित वापस लाया जा सके।