करनाल, राकेश कुमार शर्मा | होली से पहले अवैध शराब के कारोबार पर करनाल पुलिस ने बड़ी चोट करते हुए सेक्टर 32-33 थाना क्षेत्र में 90 पेटी शराब बरामद की है। यह पूरा खेल सस्ती शराब को महंगे ब्रांड की बोतलों में भरकर बाजार में बेचने का था। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई ने इलाके में हड़कंप मचा दिया है।
घर के भीतर चल रहा था ‘ब्रांडेड’ धोखाधड़ी का कारोबार :
सेक्टर 33 के पीछे फूसगढ़ गांव के पास एक घर में यह अवैध गतिविधि संचालित की जा रही थी। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो वहां से 90 पेटियां बरामद हुईं। इनमें 45 पेटियां सस्ते ब्रांड की शराब से भरी हुई थीं, जबकि 45 पेटियां महंगे ब्रांड की खाली बोतलों से भरी पाई गईं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सस्ती शराब को महंगे ब्रांड की खाली बोतलों में भरकर उन पर लेबल लगाया जाता था, ताकि ग्राहक को यह भ्रम हो कि वह नामी ब्रांड की शराब खरीद रहा है।
बाजार में ठेकों से कम दाम पर सप्लाई की तैयारी :
सूत्रों के अनुसार, इस अवैध तरीके से तैयार की गई शराब को बाजार में कम कीमत पर बेचा जाता था, ताकि ग्राहक सरकारी ठेकों पर जाने के बजाय सीधे इनसे खरीदारी करें। कम दाम में ‘महंगा ब्रांड’ मिलने का लालच देकर लोगों को ठगा जा रहा था।
इस धंधे के जरिए मोटा मुनाफा कमाने की साजिश रची गई थी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि यह शराब किसी शादी, पार्टी या फिर अन्य आयोजनों में सप्लाई की जानी थी या फिर किसी ठेके तक पहुंचाई जानी थी।
आरोपी मौके से फरार, जांच तेज :
पुलिस की दबिश के दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया। फिलहाल उसकी तलाश जारी है। थाना सेक्टर 32-33 की टीम ने बरामद शराब को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अब आबकारी विभाग से संपर्क कर पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस अवैध कारोबार की जड़ें कहां तक फैली हुई हैं।
होली से पहले सख्ती का संदेश :
होली के त्योहार को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इस कार्रवाई को अवैध शराब के कारोबारियों के लिए सख्त चेतावनी के रूप में देखा जा रहा है।