फतेहाबाद | फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक महिला ने एक युवक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। महिला ने आरोप लगाया कि युवक उसके बेटे को नशीली गोलियां सप्लाई करने आया था। घटना के दौरान अस्पताल परिसर में काफी देर तक हंगामा होता रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला ने युवक को अस्पताल में ही रोक लिया और उस पर नशीली दवाएं देने का आरोप लगाते हुए मारपीट शुरू कर दी। सूचना मिलते ही अस्पताल चौकी पर तैनात पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे और युवक को हिरासत में लेकर चौकी ले गए।
पुलिस जांच में युवक के पास से अलग-अलग नामों की कई पर्चियां बरामद हुईं। ये पर्चियां मनोरोग विशेषज्ञ और दंत रोग विशेषज्ञ की ओपीडी से संबंधित बताई जा रही हैं। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इन पर्चियों का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जा रहा था।
महिला ने बताया कि उसका बेटा रतिया के अस्पताल में भर्ती है और उपचार के लिए वह उसे नागरिक अस्पताल लेकर आई थी। इसी दौरान आरोपी युवक वहां पहुंचा और उसके बेटे से संपर्क करने लगा। महिला का आरोप है कि युवक पहले भी उसके बेटे को नशे की गोलियां उपलब्ध करा चुका है और इस बार भी सप्लाई देने आया था।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और युवक से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।