पानीपत | शहर के सेक्टर-25 पार्ट-1 स्थित औद्योगिक क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां सड़क किनारे खेल रहे 5 वर्षीय मासूम की ट्रैक्टर से कुचलकर मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने आरोपी ट्रैक्टर चालक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सीतापुर निवासी राजू फिलहाल पानीपत के सेक्टर-25 में प्लॉट नंबर 45 पर रहते हैं और वहीं एक फैक्ट्री में फील्ड व सफाई का काम करते हैं। राजू के अनुसार वह फैक्ट्री के गेट पर खड़े थे, जबकि उनका पांच साल का बेटा अजीत सिंह गेट के सामने सड़क किनारे खेल रहा था।
इसी दौरान गंदा नाला की ओर से तेज रफ्तार में एक नीला सोनालिका ट्रैक्टर वहां पहुंचा। आरोप है कि चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए सीधे बच्चे को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही अजीत सड़क पर गिर पड़ा और इससे पहले कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, ट्रैक्टर के पीछे लगी ट्रॉली बच्चे के ऊपर से गुजर गई।
घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर चालक को पकड़ लिया। उसकी पहचान आसन कलां निवासी मनोज के रूप में हुई है।
परिजन गंभीर रूप से घायल अजीत को तुरंत सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर सुनते ही परिवार में मातम छा गया। राजू के दो बेटे और एक बेटी हैं, जिनमें अजीत की इस हादसे में मौत हो गई।
थाना चांदनी बाग पुलिस ने पिता की शिकायत पर आरोपी चालक के खिलाफ तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चलाने और गैर इरादतन हत्या की धाराओं में केस दर्ज कर ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।