फरीदाबाद | फरीदाबाद के सेक्टर-11 में मां काली के नाम पर लगाए गए नॉनवेज स्टॉल पर कथित हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने तोड़फोड़ की। वायरल वीडियो में यह देखा जा सकता है कि स्टॉल पर हमला करने वालों में हरियाणा का ही एक कॉमेडियन यूट्यूबर गिरधर शर्मा भी शामिल था।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विवाद स्टॉल का नाम “मां काली” रखने के कारण शुरू हुआ। खुद को हिंदू संगठन का सदस्य बताने वाले युवकों ने स्टॉल संचालक को धमकाया और स्टॉल पर लगे पोस्टर फाड़ दिए। वीडियो में आरोपियों को रेहड़ी वाले पर चिल्लाते और उसकी दुकान पर तोड़फोड़ करते देखा जा सकता है।
स्थानीय सूत्रों ने बताया कि स्टॉल संचालक ने इस मामले में पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई। जानकारी के अनुसार, स्टॉल संचालक स्वयं भी हिंदू हैं और उन्होंने विवाद के बावजूद मामला पुलिस तक नहीं पहुंचाया।
वायरल वीडियो में गिरधर शर्मा को स्टॉल पर आकर पोस्टर हटाते और दुकान संचालक को चेतावनी देते हुए देखा गया। यूट्यूबर का कहना है कि स्टॉल पर देवी मां के नाम पर नॉनवेज रखा गया था, जो उन्हें दो दिन पहले ही हटाने के लिए कहा गया था, लेकिन स्टॉल संचालक ने आगाह को नजरअंदाज किया।
इस घटना ने सोशल मीडिया पर भी बहस छेड़ दी है। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने स्टॉल और यूट्यूबर की हरकतों पर विरोध जताया। पुलिस ने फिलहाल किसी तरह की कार्रवाई की पुष्टि नहीं की है।
फरीदाबाद के सेक्टर-11 इलाके में इस विवाद ने तनाव बढ़ा दिया है, लेकिन पुलिस का कहना है कि स्थिति शांत है और किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए निगरानी जारी है।