लुधियाना | पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन (पावरकॉम) ने बिजली उपभोक्ताओं के लिए नई व्यवस्था लागू कर दी है। अब नए बिजली मीटर के लिए आवेदन सुविधा केंद्रों के माध्यम से नहीं किया जा सकेगा। उपभोक्ताओं को नया मीटर लगवाने के लिए खुद ही ऑनलाइन पोर्टल के जरिए आवेदन करना होगा। इस फैसले से खासकर कम पढ़े-लिखे और डिजिटल प्रक्रिया से अनजान लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
पहले लुधियाना के सीएमसी डिवीजन, सिटी सेंटर, फोकल प्वाइंट, अग्र नगर और जनता नगर स्थित पांच सुविधा केंद्रों पर तैनात कर्मचारी उपभोक्ताओं के नए मीटर के आवेदन से लेकर सिक्योरिटी राशि जमा कराने और अन्य औपचारिकताएं पूरी करवाते थे। इससे उन लोगों को राहत मिलती थी जिन्हें कंप्यूटर या ई-पेमेंट की जानकारी नहीं होती थी। लेकिन नई व्यवस्था लागू होने के बाद अब उपभोक्ताओं को पूरा आवेदन खुद ऑनलाइन करना पड़ रहा है।
जानकारी के मुताबिक मौजूदा समय में करीब 95 प्रतिशत लोगों को ऑनलाइन मीटर आवेदन की प्रक्रिया की पूरी जानकारी नहीं है। इसके चलते कई लोगों के आवेदन विभाग द्वारा विभिन्न आपत्तियों के कारण स्वीकार नहीं किए जा रहे हैं और उनके घरों, दुकानों व अन्य प्रतिष्ठानों पर नए मीटर लगाने में देरी हो रही है।
ऑनलाइन आवेदन के दौरान उपभोक्ताओं को सिंगल विंडो पोर्टल पर पहले नई आईडी बनानी पड़ती है, जो कई लोगों के लिए मुश्किल साबित हो रही है। इसके अलावा विभाग की वेबसाइट का सिस्टम धीमा होने के कारण दस्तावेज अपलोड करने में भी परेशानी आ रही है। दस्तावेज अपलोड होने के बाद फाइल पहले पावरकॉम के राजस्व अधिकारी के पास जाती है और त्रुटि मिलने पर उसे रद्द कर दिया जाता है। इसके बाद फाइल संबंधित एसडीओ के पास जांच के लिए भेजी जाती है।
सूत्रों के अनुसार कुछ मामलों में एसडीओ स्तर पर फाइलें लंबित रखने के आरोप भी सामने आए हैं। वहीं आशंका जताई जा रही है कि पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होने से लोग साइबर कैफे या बिचौलियों का सहारा लेने को मजबूर होंगे, जिससे अतिरिक्त खर्च और भ्रष्टाचार बढ़ सकता है।
बताया जा रहा है कि अग्र नगर डिवीजन में हाल ही में सामने आए बिजली मीटर फर्जीवाड़े के बाद विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने यह नई व्यवस्था लागू की है। हालांकि इस बदलाव से आम उपभोक्ताओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।