अमृतसर। रतन सिंह चौक इलाके में शुक्रवार देर रात एक सनसनीखेज घटना हुई, जब कुछ अज्ञात नकाबपोश हमलावरों ने आम आदमी पार्टी की मौजूदा काउंसलर के घर पर कई राउंड फायरिंग की। अचानक हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
घटना के समय काउंसलर का पूरा परिवार घर के अंदर मौजूद था। हालांकि, किसी को चोट नहीं आई। गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी घरों से बाहर निकल आए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
काउंसलर के पति इंदरजीत ने बताया कि उन्होंने कुछ समय पहले युद्ध और नशे के खिलाफ मुहिम के तहत कुछ लोगों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। उनका अनुमान है कि इसी रंजिश के चलते हमलावरों ने डराने के उद्देश्य से उनके घर को निशाना बनाया।
परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और थाने में शिकायत दर्ज करवाई। घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई, जिसमें नकाबपोश हमलावर घर के बाहर फायरिंग करते नजर आ रहे हैं।
पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आसपास के गवाहों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने आश्वस्त किया है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।