Summer Express, सोनीपत | जिले के कुंडली थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक गली में कचरे के ढेर से चार माह का मानव भ्रूण बरामद हुआ है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और भ्रूण को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, प्याऊ मनियारी क्षेत्र की रहने वाली नीलम नामक महिला ने पुलिस को फोन कर बताया कि गली नंबर छह में कचरे के पास लोगों की भीड़ लगी हुई है और वहां एक मानव भ्रूण पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही कुंडली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भ्रूण को अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने भ्रूण को पोस्टमार्टम और अन्य जांच के लिए भेज दिया है। वहीं नीलम की शिकायत के आधार पर अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता का कहना है कि किसी महिला द्वारा चार माह के भ्रूण को इस तरह कचरे में फेंकना बेहद अमानवीय और गंभीर अपराध है।
पुलिस आसपास के क्षेत्र में पूछताछ कर रही है और उस अज्ञात महिला की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसने भ्रूण को यहां फेंका। मामले की जांच जारी है।