रेवाड़ी | जिले के बावल क्षेत्र में देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 27 वर्षीय युवक की जान चली गई। मृतक की पहचान गांव टांकड़ी निवासी आनंद के रूप में हुई है, जो बाइक से अपनी ड्यूटी पर जा रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आनंद जयसिंहपुर खेड़ा बॉर्डर के पास स्थित एक पेट्रोल पंप पर सेल्समैन के तौर पर कार्यरत था। वह अपनी बाइक से ड्यूटी के लिए निकला था। इसी दौरान शाहंजरपुर के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आनंद की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही बावल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
जांच अधिकारी एएसआई नितिन के अनुसार पुलिस के पहुंचने तक युवक दम तोड़ चुका था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बावल के सरकारी अस्पताल में भिजवाया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 और 106 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और फरार अज्ञात वाहन चालक की तलाश शुरू कर दी है।