Summer Express,फतेहाबाद | सीआईए रतिया की पुलिस टीम ने हत्या और दुष्कर्म के मामले में वांछित एक कुख्यात आरोपी को मुठभेड़ के बाद घायल हालत में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान महेंद्र सिंह उर्फ निक्का पुत्र जीत सिंह निवासी आजाद नगर, फतेहाबाद के रूप में हुई है, जो जनवरी में सड़क किनारे मिली एक महिला के दुष्कर्म और हत्या के मामले में फरार चल रहा था।
डीएसपी मुख्यालय एवं क्राइम कुलवंत सिंह ने बताया कि आरोपी पहले भी सिरसा पुलिस की हिरासत से फरार हो चुका था और लंबे समय से पंजाब में छिपकर रह रहा था।
उन्होंने बताया कि सीआईए रतिया के प्रभारी उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी अपनी पत्नी को साथ लेकर पंजाब जाने के इरादे से क्षेत्र में आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी। इसी दौरान नगल के पास भाखड़ा नहर रोड पर एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार दिखाई दिया।
पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन कंक्रीट सड़क पर बाइक फिसलने से वह गिर गया। गिरते ही आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर चार राउंड फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान एएसआई रघुबीर सिंह को निशाना बनाकर चलाई गई दो गोलियां उनकी बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगीं, जबकि दो गोलियां पास से निकल गईं। जैकेट होने के कारण एएसआई सुरक्षित बच गए।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें चली गोली आरोपी के पैर में लग गई और वह घायल हो गया। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध .32 बोर पिस्तौल, चार खाली खोल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह काफी समय से पंजाब में छिपा हुआ था और अपनी पत्नी को लेकर वहां जाने की योजना बना रहा था। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा और जिले में अपराध पर नियंत्रण पुलिस की प्राथमिकता है।