Summer Express, भिवानी । हरियाणा के भिवानी जिले के लोहारू कस्बे में सोमवार को एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना आजमपुर रोड स्थित श्मशान भूमि के पास हुई, जहां युवक ने तेज रफ्तार वंदे भारत के सामने छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान 32 वर्षीय अश्वनी के रूप में हुई है, जो लोहारू के वार्ड नंबर-12 स्थित सुभाष ढाणी का निवासी था। घटना की जानकारी मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अश्वनी विवाहित था और उसके परिवार में दो बेटे और एक बेटी हैं। बताया जा रहा है कि उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका था, जिसके बाद परिवार की जिम्मेदारी काफी हद तक उसी के कंधों पर आ गई थी।
परिजनों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक अश्वनी मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत मजबूत नहीं थी, बावजूद इसके वह मेहनत कर अपने घर का खर्च चलाता था।
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच अधिकारी राजकुमार ने बताया कि फिलहाल इत्तेफाकिया मौत का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने के लिए परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।