Summer Express , अमृतसर । पंजाब के अमृतसर जिले के गांव चाटीविंड में देर रात शराब के ठेके पर फायरिंग की घटना सामने आई है। इस दौरान ठेके पर काम कर रहे कर्मचारी आकाशदीप सिंह उर्फ प्रिंस गोली और टूटे कांच के टुकड़े लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता गुरनाम सिंह ने बताया कि वह अपने भाई भगवान सिंह के घर पर मौजूद था। उनके घर से कुछ दूरी पर परगट सिंह के नाम से शराब का ठेका स्थित है। रात , अचानक लोहे के गेट से टकराती गोलियों की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर दोनों भाई बाहर निकले तो देखा कि अड्डा चाटीविंड की ओर से एक कार गुजर रही थी।
बताया गया है कि कार में खैराबाद निवासी मनप्रीत सिंह उर्फ मन्ना अपने दो-तीन साथियों के साथ मौजूद था। कुछ दूरी पर गाड़ी रोकने के बाद मनप्रीत सिंह और उसके साथियों ने शराब ठेके की दिशा में चार से पांच राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए।
फायरिंग के दौरान ठेके के अंदर मौजूद कर्मचारी आकाशदीप सिंह को गोली के साथ-साथ टूटे कांच के टुकड़े भी लगे। गोली ठेके के शीशे को तोड़ते हुए लकड़ी के काउंटर से टकराई, जिससे आकाशदीप के पेट और बाएं हाथ में चोटें आईं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मनप्रीत सिंह करीब दो वर्ष पहले गांव चाटीविंड स्थित गुरुद्वारा गुरु नानक बाग में ग्रंथी के रूप में सेवा कर चुका है और उस समय अपने परिवार के साथ वहीं रहता था। दोनों पक्षों के बीच पिछले कुछ समय से आपसी रंजिश चली आ रही थी, जिसे इस घटना की वजह माना जा रहा है।
पुलिस ने इस मामले में मनप्रीत सिंह सहित चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जबकि तीन अन्य की पहचान अभी नहीं हो पाई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।