पानीपत | राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की तीन दिवसीय बैठक से एक दिन पहले हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी वीरवार को पानीपत के पट्टीकल्याणा स्थित माधव सृष्टि केंद्र पहुंचे। यहां उन्होंने आरएसएस के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत से मुलाकात कर प्रदेश की राजनीतिक और सामाजिक परिस्थितियों पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर के माध्यम से पाइट कॉलेज पहुंचे, जहां भाजपा जिलाध्यक्ष दुष्यंत भट्ट और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वह सीधे माधव सृष्टि केंद्र पहुंचे। यहां 13 से 15 मार्च तक आरएसएस की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक आयोजित की जाएगी, जिसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
जानकारी के अनुसार इस तीन दिवसीय वार्षिक बैठक में देशभर से 1487 प्रतिनिधि भाग लेंगे। बैठक में संघ के शताब्दी वर्ष (2025) के दौरान किए गए कार्यों की समीक्षा की जाएगी और आगामी वर्ष की कार्ययोजना पर विचार किया जाएगा। साथ ही कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर भी चर्चा होने की संभावना है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सरसंघचालक मोहन भागवत के साथ बैठक का कार्यक्रम है। इसके बाद वे दिल्ली के लिए रवाना होंगे। बैठक से पहले मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की।
इस अवसर पर मेयर कोमल सैनी, सांसद प्रतिनिधि गजेंद्र सलूजा और भाजपा जिलाध्यक्ष दुष्यंत भट्ट सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।