Summer Express, प्योंगयां | उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता किम जोंग उन एक बार फिर सैन्य गतिविधियों को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में उन्होंने एक गोला-बारूद फैक्ट्री का दौरा किया, जहां उन्होंने हथियारों का निरीक्षण करने के साथ-साथ शूटिंग ड्रिल में भी हिस्सा लिया। इस दौरान उनकी बेटी किम जू ऐ भी उनके साथ मौजूद रहीं। दोनों का फायरिंग करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
दौरे के दौरान किम जोंग उन और उनकी बेटी ब्लैक लेदर जैकेट में नजर आए। सरकारी मीडिया द्वारा जारी तस्वीरों और वीडियो में किम जोंग उन हैंडगन से निशाना साधते दिखाई दे रहे हैं, जबकि किम जू ऐ भी सैन्य अधिकारियों की मौजूदगी में हथियारों की जांच करती और शूटिंग अभ्यास में भाग लेती दिखीं। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह के कार्यक्रमों में जू ऐ की मौजूदगी उनके बढ़ते प्रभाव और संभावित भविष्य की भूमिका की ओर संकेत करती है।
फैक्ट्री दौरे के दौरान किम जोंग उन ने उत्पादन प्रक्रिया और हथियार निर्माण से जुड़ी व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और इंजीनियरों को निर्देश दिए कि सेना की मारक क्षमता बढ़ाने के लिए उत्पादन प्रणाली में आधुनिक तकनीक को शामिल किया जाए। साथ ही उन्होंने हथियारों की गुणवत्ता और उत्पादन क्षमता दोनों को बढ़ाने पर जोर दिया।
किम ने कहा कि बदलते वैश्विक हालात को देखते हुए देश की सैन्य ताकत को लगातार मजबूत करना जरूरी है। इसके लिए रक्षा उत्पादन इकाइयों को अधिक आधुनिक और सक्षम बनाने की आवश्यकता है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में उत्तर कोरिया ने कई सैन्य गतिविधियां तेज की हैं। इससे पहले भी किम जोंग उन ने नए युद्धपोत और क्रूज मिसाइलों के परीक्षण के जरिए अपनी सैन्य क्षमता का प्रदर्शन किया था।
विशेषज्ञों के अनुसार, इस तरह के दौरे और सैन्य प्रदर्शन के जरिए उत्तर कोरिया अंतरराष्ट्रीय समुदाय को अपनी ताकत का संदेश देने की कोशिश कर रहा है। वहीं किम जोंग उन का अपनी बेटी को इन कार्यक्रमों में शामिल करना भी वैश्विक स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है।