Summer Express, रोहतक। दिल्ली रोड पर शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे एक ट्राले के डीजल टैंक में जोरदार धमाका हो गया, जिससे ट्राले में आग लग गई और पास स्थित सोलर प्लेट के शोरूम तक लपटें फैल गईं। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्राला खरावड़ बाईपास की ओर से राजीव चौक की तरफ जा रहा था। इसी दौरान चालक ने वाहन सड़क किनारे रोक दिया और नीचे उतरकर सिगरेट पीने लगा। बताया जा रहा है कि उसके पास एक तेल की टंकी भी रखी हुई थी। अचानक टंकी में आग लग गई, जो देखते ही देखते ट्राले के केबिन और फिर पूरे वाहन में फैल गई।
कुछ ही देर में ट्राले के डीजल टैंक ने आग पकड़ ली और तेज धमाका हुआ। धमाके से निकली चिंगारियां पास स्थित सोलर प्लेट के शोरूम तक पहुंच गईं, जिससे वहां भी आग भड़क उठी और शोरूम का गोदाम धू-धू कर जलने लगा।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की सात गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
शोरूम मालिक नरेंद्र के अनुसार इस हादसे में उनके शोरूम को भारी नुकसान हुआ है और लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।