Summer Express, जालंधर | पंजाब के जालंधर शहर में धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। ई-मेल के जरिए शहर के कुछ प्रमुख स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है, जिसमें मुख्यमंत्री भगवंत मान को भी निशाना बनाने की बात कही गई है।
मिली जानकारी के अनुसार धमकी भरा ई-मेल शहर के Apeejay और DPS समेत कुछ अन्य स्कूलों को भेजा गया। संदेश में स्कूलों के लिए दोपहर 1:11 बजे का समय बताया गया है। इसके अलावा पंजाब विधानसभा के लिए 2:11 बजे और दिल्ली जाने वाली एक ट्रेन के लिए रात 9:11 बजे का जिक्र भी किया गया है।
ई-मेल में मुख्यमंत्री भगवंत मान को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई है। साथ ही संदेश में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा हटाने की बात लिखी गई है। इसमें खालिस्तान से जुड़े संदर्भ भी शामिल किए गए हैं और पंजाब को भारत से अलग करने जैसी बातें भी कही गई हैं।
धमकी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन तुरंत सतर्क हो गया। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और ई-मेल भेजने वाले की पहचान के लिए तकनीकी जांच की जा रही है। एहतियात के तौर पर स्कूलों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच की जा रही है और जल्द ही ई-मेल भेजने वाले तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।