Summer Express , दिल्ली | दिल्ली के जामिया नगर इलाके में गैस सिलेंडर की अवैध बिक्री का बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने शाहनवाज (28) को गिरफ्तार किया, जो मेरठ से सिलेंडर लाकर जामिया नगर में ऊंची कीमतों पर बेच रहा था। मौके से कुल 62 एलपीजी सिलेंडर बरामद किए गए, जिनमें 48 भरे हुए और 14 खाली सिलेंडर शामिल थे।
पुलिस के अनुसार, 16 मार्च को बीट पेट्रोलिंग के दौरान जामिया नगर में संदिग्ध हालात में खड़ी एक टाटा ऐस गाड़ी पर नजर गई। जब चालक से पूछताछ की गई, तो वह वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। गाड़ी की तलाशी लेने पर भारी संख्या में सिलेंडर बरामद हुए।
जांच में सामने आया कि आरोपी बिना किसी रसीद के सिलेंडर महंगे दामों पर बेच रहा था। शाहनवाज मेरठ से सिलेंडर लाकर जामिया नगर में सप्लाई करता था। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने एक दिन पहले ही करीब 70 सिलेंडर बेचे थे। इस अवैध नेटवर्क में वाहन मालिक मुकेश का भी नाम सामने आया है, जिसकी तलाश जारी है।
आरोपी जामिया नगर के जोगा बाई एक्सटेंशन का निवासी है और मूल रूप से मेरठ, उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम और भारतीय दंड संहिता (IPC) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और अवैध सप्लाई में इस्तेमाल गाड़ी को भी जब्त कर लिया है।
पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और अन्य लोगों की संलिप्तता का पता लगाने में जुटी है।