Summer Express/ शिमला, संजू -:हिमाचल प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र का दूसरा चरण बुधवार से शुरू होने जा रहा है। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने जानकारी देते हुए बताया कि सत्र की शुरुआत राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा से होगी। इसके बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 21 मार्च को राज्य का वार्षिक बजट पेश करेंगे। बजट पर विस्तृत चर्चा के बाद 30 मार्च को सदन में मतदान कराया जाएगा।
विधानसभा सचिवालय को दूसरे चरण के लिए कुल 834 प्रश्न प्राप्त हुए हैं, जिनमें 665 तारांकित और 169 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न नियमों के तहत भी नोटिस प्राप्त हुए हैं, जिनमें नियम-62 के तहत 8, नियम-101 के तहत 3 और नियम-130 के तहत 5 नोटिस शामिल हैं। इससे स्पष्ट है कि सत्र के दौरान कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बताया कि सदन में अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी चर्चा की जाएगी। विशेष रूप से ईरान-इज़राइल के बीच चल रहे तनाव से उत्पन्न स्थिति पर भी विचार-विमर्श होगा।
इसके साथ ही उन्होंने याचिका समिति के कार्य पर संतोष जताया। वहीं, विशेषाधिकार समिति की बैठक भी बुलाई गई है, जिसमें मुख्य सचिव को उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में विशेषाधिकार हनन के मामलों में जवाब देने में हो रही देरी पर स्पष्टीकरण लिया जाएगा। जानकारी के अनुसार समिति के पास फिलहाल करीब सात मामले लंबित हैं, जिनमें विपक्षी विधायकों से जुड़े मामले भी शामिल हैं।