Summer Express ,कैथल I चंडीगढ़ के सेक्टर-9 में प्रॉपर्टी डीलर प्रीत नागरा उर्फ चिन्नी नागरा (31) की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने हरियाणा कनेक्शन का खुलासा किया है। टीम ने कैथल में मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार किए गए शूटरों की पहचान राजन उर्फ पीयूष पहलवान और प्रीतम के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पीयूष फिरोजपुर का रहने वाला है, जबकि प्रीतम नवांशहर से जुड़ा हुआ है। दोनों आरोपियों को मुठभेड़ के बाद दबोचा गया।
वारदात के कुछ ही समय बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हुई, जिसमें बंबीहा गैंग से जुड़े गैंगस्टर लक्की पटियाल के नाम से इस हत्या की जिम्मेदारी ली गई। पोस्ट में दावा किया गया कि नागरा विरोधी गैंग को सूचनाएं देता था, जिसके चलते उसे निशाना बनाया गया।
गौरतलब है कि बुधवार दोपहर सेक्टर-9 में हुई इस वारदात ने चंडीगढ़ की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और साजिश का खुलासा करने में जुटी है।