Summer Express, फरीदाबाद। जिले के नागरिक बादशाह खान अस्पताल में अब मरीजों को हृदय रोगों के इलाज के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। सोमवार से हार्ट सेंटर में ओपीडी सेवाएं शुरू की जाएंगी, जबकि अन्य चिकित्सीय सेवाएं चरणबद्ध तरीके से शुरू की जाएंगी।
प्रदेश के स्थानीय स्वशासन मंत्री विपुल गोयल ने मेयर प्रवीण जोशी के साथ हार्ट सेंटर का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर मंत्री ने बताया कि पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) नीति के तहत मेडिट्रीना समूह के सहयोग से सेंटर संचालित होगा। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम यहां विश्व स्तरीय हृदय चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराएगी।
विपुल गोयल ने कहा कि यह पहल केवल नई चिकित्सा सुविधा नहीं है, बल्कि नागरिकों को समय पर और बेहतर हृदय उपचार उपलब्ध कराने की मजबूत व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि लोग अक्सर अपने हृदय स्वास्थ्य को नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन अत्याधुनिक हार्ट सेंटर के माध्यम से गंभीर मरीजों को समय रहते उच्च गुणवत्ता वाला इलाज मिलेगा।
सेंटर में अत्याधुनिक कैथ लैब, आधुनिक कार्डियक केयर यूनिट्स और 24 घंटे निगरानी प्रणाली जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे गंभीर हृदय रोगियों का बेहतर और सुरक्षित इलाज सुनिश्चित होगा।
उद्घाटन समारोह में सीएमओ डॉ. जयंत आहूजा, भाजपा जिला अध्यक्ष पंकज पूजन रामपाल, नगर निगम के मुख्य अभियंता विवेक गिल, पार्षद मुकेश अग्रवाल सहित कई अधिकारी और मेडिट्रीना समूह के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
यह हार्ट सेंटर जिले में हृदय चिकित्सा सेवाओं को सुदृढ़ करने और मरीजों को समय पर विश्वस्तरीय इलाज मुहैया कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।