Summer express, गुरुग्राम। उद्योग विहार थाना क्षेत्र के डूंडाहेड़ा में देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां स्कूल वाली गली में स्थित एक पुराने मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के समय घर के अंदर मौजूद दो लोग मलबे में दब गए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
इस दुर्घटना में औरंगाबाद निवासी सतीश माल्या की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका साथी रवि झा गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, मकान के बाहर से बाइक पर गुजर रहे पति-पत्नी भी हादसे की चपेट में आ गए और उन्हें भी गंभीर चोटें आई हैं। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय सतीश माल्या कमरे में बेड पर आराम कर रहे थे, जबकि उनका दोस्त रवि झा खाना बना रहा था। इसी दौरान अचानक छत गिर गई और दोनों मलबे के नीचे दब गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, सिविल डिफेंस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर सभी घायलों को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सतीश माल्या को मृत घोषित कर दिया।
मृतक के परिजनों ने मकान मालिक पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि छत की जर्जर हालत को लेकर कई बार शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। बरसात के दौरान छत से पानी भी टपकता था, जिससे उसकी स्थिति और कमजोर हो गई थी।
परिवार ने मकान मालिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मकान काफी पुराना था और उसकी छत में दरारें थीं, जो हादसे का मुख्य कारण बनीं।