Summer Express,बहादुरगढ़। बहादुरगढ़ के सेक्टर-4बी में निर्माणाधीन 100 बेड के ईएसआई अस्पताल का काम फरवरी 2026 में पूरा होने की उम्मीद थी, लेकिन अब तक भवन अधूरा है। इससे इस साल अस्पताल शुरू होने की संभावना कम दिखाई दे रही है। अस्पताल हैंडओवर होने के बाद उपकरणों और मेडिकल सुविधाओं के साथ पूरी व्यवस्था में कई महीने और लगेंगे।
यह अस्पताल शुरू होने के बाद बहादुरगढ़ और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में रहने वाले एक लाख से अधिक बीमित परिवारों को लाभ पहुँचाएगा। फिलहाल, जिले में केवल तीन ईएसआई डिस्पेंसरी ही संचालित हैं और निकटतम ईएसआई अस्पताल दिल्ली के बसई दारापुर में है।
निर्माण एजेंसी का कहना है कि अब ज्यादा काम नहीं बचा है, लेकिन भवन और परिसर की स्थिति देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि अभी काफी कार्य शेष है। सिविल अस्पताल पर भी बीमित परिवारों के इलाज का बोझ बढ़ा हुआ है।
68 करोड़ रुपये की लागत से बनाए जा रहे इस अस्पताल में स्टाफ क्वार्टर भी शामिल हैं। भवन में अभी फिनिशिंग का काम चल रहा है। साइट इंजीनियर राजकिशोर शुक्ला ने बताया कि हैंडओवर के बाद मेडिकल उपकरणों और अन्य व्यवस्थाएं स्थापित की जाएंगी।
गौरतलब है कि दिसंबर 2025 में अस्पताल परिसर में तांबा चोरी की वारदात भी हुई थी। नकाबपोश बदमाशों ने स्टोर रूम का ताला तोड़कर लगभग 18 लाख रुपये का तांबा लूट लिया था, लेकिन पुलिस ने कई आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले को सुलझा लिया था।
अस्पताल शुरू होने के बाद औद्योगिक इकाइयों और कारखानों में काम करने वाले कर्मचारियों और उनके परिवारों को मुफ्त चिकित्सा सेवाओं और स्वास्थ्य लाभ मिलने की उम्मीद है।