Summer express,बहादुरगढ़ | बहादुरगढ़ के नजदीक गांव मातन में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय सरपंच महेंद्र मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया।
पुलिस के अनुसार शव बहादुरगढ़ रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास कुलदीप के खेतों के पास बने कच्चे नाले में पड़ा मिला। मृतका की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में महिला के सिर और चेहरे पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है।
महिला ने नीले रंग की पजामी, लाल-भूरे रंग का सूट और पीली चुन्नी पहन रखी थी। उसके हाथों पर ममता, सोनू, राकेश, ईश्वर और राजकुमारी पाल नाम लिखे हुए पाए गए।
मांडोठी चौकी पुलिस ने हत्या और शव को खुर्द-बुर्द करने की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल पर साक्ष्य जुटा रही है और महिला की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस ने आसपास के लोगों से अपील की है कि जो भी संदिग्ध जानकारी हो, वह तुरंत पुलिस को दें ताकि जल्द से जल्द हत्यारे का पता लगाया जा सके।