Summer Express,घरौंडा। यमुना क्षेत्र के गांव मुंडोगढ़ी में जमीन विवाद को लेकर हुए दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अदालत से सभी आरोपियों का तीन दिन का रिमांड भी हासिल किया गया है, ताकि मामले की गहराई से जांच की जा सके।
थाना प्रभारी इंदर सिंह के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में मेहताब, कामिल, सद्दाम, अफसर, गयूर और वाजिद को काबू किया गया। सभी आरोपी गांव मुंडोगढ़ी के निवासी बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, चार एकड़ जमीन को लेकर चल रहा विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते लाठी-डंडों, ईंट-पत्थरों के साथ अवैध हथियारों का इस्तेमाल शुरू हो गया। इस हिंसा में करीब 12 लोग घायल हो गए, जबकि दो लोगों की जान चली गई।
घटना के दौरान एक पक्ष के सरपंच जुनैद अपने समर्थकों के साथ विवादित जमीन पर पहुंचे थे। इसी बीच दूसरे पक्ष के लोग भी वहां पहुंच गए, जिसके बाद टकराव बढ़ गया। झड़प के दौरान 70 वर्षीय बुजुर्ग वाहिद को ट्रैक्टर से कुचल दिया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरे पक्ष के 60 वर्षीय शबीरा भी गंभीर रूप से घायल हो गए और इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि रिमांड के दौरान आरोपियों से पूछताछ कर वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं का खुलासा किया जाएगा।